उत्तराखंड: स्कूल से छात्र को उठा ले गया भालू, ‘bear attack’ से दहशत
उत्तराखंड के चमोली जिले में एक बार फिर जंगली जानवरों के हमले का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह पोखरी जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक भालू स्कूल परिसर में घुस आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भालू कक्षा 6 के एक छात्र को दबोचकर करीब 200 मीटर दूर तक ले गया।
घटना के वक्त स्कूल में मौजूद अन्य छात्रों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और हिम्मत करके भालू के पीछे भागे। छात्रों के शोर और पीछा करने पर भालू ने छात्र को छोड़ दिया। इस हमले में छात्र घायल हो गया और उसके कपड़े भी फट गए। घटना के बाद से बच्चों में भय का माहौल है।
स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि सुबह 9:30 बजे हुई इस घटना के समय अध्यापक स्कूल में मौजूद थे। इसके बावजूद भालू का इस तरह स्कूल में घुसना और हमलावर होना चिंता का विषय है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी स्कूल पहुंचे। इस घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
