उत्तराखंड: क्रूरता के शिकार अंग्रेज सिंह को मिली मदद, MLA ने 31 हजार दिए; Bank ने पैर के अंगूठे से खोला खाता
उत्तराखंड के टिहरी जिले में पारिवारिक विवाद में दोनों हाथ गंवाने वाले अंग्रेज सिंह के लिए अब लोग आगे आ रहे हैं। भिलंगना के लसियाल गांव के रहने वाले अंग्रेज सिंह पर उनके भाई-भाभी ने क्रूरतापूर्वक हमला किया था, जिसके बाद उन्हें अपने हाथ गंवाने पड़े। वर्तमान में वह जिला अस्पताल में भर्ती हैं।
अस्पताल में भर्ती अंग्रेज सिंह का हालचाल जानने के लिए प्रतापनगर के विधायक विक्रम सिंह नेगी पहुंचे। उन्होंने अंग्रेज सिंह को 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भेंट की। इसके अलावा, जिपं उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, जिपं सदस्य धनपाल बिष्ट, विजय पाल रावत, जाखणीधार की पूर्व प्रमुख सुनीता देवी, लसियाल गांव की प्रधान गुड्डी देवी समेत कई अन्य स्थानीय नेता भी उनसे मिलने पहुंचे।
अंग्रेज सिंह के पास बैंक खाता नहीं था, जिसके चलते उन्हें आर्थिक मदद पहुंचाने में दिक्कत आ रही थी। शुक्रवार को केनरा बैंक के प्रबंधक अनिल शर्मा ने अपने कर्मचारियों को अस्पताल भेजा। बैंक कर्मियों ने अंग्रेज सिंह के पैर के अंगूठे का प्रिंट लेकर उनका खाता खोला। अब लोग सीधे उनके खाते में पैसे जमा करके मदद कर सकते हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, अंग्रेज सिंह की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। यह घटना 20 दिसंबर को हुई थी, जब पारिवारिक विवाद के दौरान उनके भाई पूरब और भाभी अंजलि ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया था। संक्रमण के डर से डॉक्टरों को उनकी जान बचाने के लिए उनके हाथ काटने पड़े थे।
