तेल अवीव में गूंजेगा यूपी का डंका, साइबरटेक ग्लोबल में दिखेगी भारत की साइबर ताकत
तेल अवीव में 26 से 28 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले साइबरटेक ग्लोबल सम्मेलन में भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश की साइबर सुरक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर यूपी के साइबर विशेषज्ञ भारत की तकनीक और अनुभव साझा करेंगे।
इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व दो प्रमुख विशेषज्ञ करेंगे: भारत सरकार के पूर्व राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा समन्वयक माधवन उन्नीकृष्णन नायर और उत्तर प्रदेश के प्रो. त्रिवेणी सिंह। वे दुनिया भर के शीर्ष साइबर वैज्ञानिकों और नीति निर्माताओं के समक्ष साइबर सुरक्षा की चुनौतियों और समाधान प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन में अमेरिका, जापान, जर्मनी, यूएई सहित 20 से अधिक देशों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ‘साइबर सेफ उत्तर प्रदेश’ अभियान चलाया जा रहा है। प्रो. त्रिवेणी सिंह इस अभियान के तहत यूपी में अपनाए गए नवीन उपायों और साइबर सुरक्षा प्रणाली को वैश्विक स्तर पर साझा करेंगे।
प्रो. त्रिवेणी सिंह अपने 25 वर्षों के अनुभव के आधार पर बताएंगे कि कैसे उत्तर प्रदेश ने साइबर अपराधों से निपटने के लिए एक मजबूत प्रणाली विकसित की है। माधवन उन्नीकृष्णन नायर भारत के राष्ट्रीय साइबर फ्रेमवर्क और नीतियों पर अपने अनुभव साझा करेंगे। इस दौरान भारत और अन्य देशों के बीच साइबर सुरक्षा सहयोग और तकनीकी साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। यह सम्मेलन भारत को ग्लोबल साइबर सुरक्षा हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
