आगरा में धर्म परिवर्तन की अफवाह पर हंगामा, सत्संग रोककर पुलिस ने संभाला मोर्चा
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के खड़िया गांव में मंगलवार को उस समय तनाव फैल गया जब ग्रामीणों ने एक घर में चल रहे सत्संग पर कथित धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों के विरोध के बाद सत्संग में शामिल होने आईं बाहरी महिलाएं मौके से चली गईं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
गांव में पिछले तीन वर्षों से एक विशेष धार्मिक समूह द्वारा यह सत्संग आयोजित किया जा रहा था। शुरुआत में इसे सामान्य धार्मिक आयोजन माना गया, लेकिन हाल ही में ग्रामीणों के बीच यह चर्चा होने लगी कि सत्संग में शामिल लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मंगलवार दोपहर यह अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गांव के एक परिवार की 19 वर्षीय बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। परिवार का मानना है कि उस पर भूत-प्रेत का साया है, जिसके निवारण के लिए यह सत्संग आयोजित किया जा रहा था। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौके पर धर्म परिवर्तन से संबंधित कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कहा कि अगर कोई लिखित शिकायत मिलती है तो गहन जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
