भिवाड़ी के खिजूरीबास टोल प्लाजा पर हंगामा, स्थानीय लोगों ने बूम बैरियर तोड़कर टोल कराया फ्री; लाखों का नुकसान
भिवाड़ी के खिजूरीबास टोल प्लाजा पर रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। स्थानीय लोगों ने टोल प्लाजा पर बूम बैरियर तोड़ दिए और लगभग एक घंटे तक टोल को फ्री करा दिया। इस दौरान टोल प्रबंधन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ। टोल मैनेजर ने इस घटना को लेकर भिवाड़ी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
टोल मैनेजर ने अपनी शिकायत में बताया कि खिजूरीबास गांव के लगभग 15 से 20 लोग तीन-चार वाहनों में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने आते ही बूम बैरियर हटा दिए और टोल स्टाफ के साथ गाली-गलौज भी की। इस हंगामे के कारण टोल वसूली पूरी तरह ठप हो गई, जिससे लगभग एक लाख रुपये का राजस्व हानि हुई।
टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस ने टोल मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले में अशोक, अजय, नरेश, चुन्नीलाल, सुरेश सहित 15-20 अन्य स्थानीय लोगों की पहचान की गई है और उनकी तलाश की जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब खिजूरीबास टोल प्लाजा पर इस तरह की घटना हुई है। इससे पहले भी स्थानीय लोगों ने टोल फ्री कराने के लिए बूम बैरियर हटाकर हंगामा किया था, जिससे टोल प्रबंधन को नुकसान हुआ था।
