यूपी बोर्ड परीक्षा: कानपुर देहात में कंट्रोल रूम तैयार, आज से शुरू होगा केंद्रों का ट्रायल
कानपुर देहात में 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 49,600 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने डीआईओएस कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया है।
नियंत्रण कक्ष में 7 कंप्यूटर लगाए गए हैं। प्रत्येक कंप्यूटर पर 11 से 12 परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जिम्मेदारी होगी। इन कंप्यूटरों को आज से सभी केंद्रों के आईपी एड्रेस से जोड़ा जाएगा और कैमरों के संचालन का ट्रायल शुरू किया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापकों को भी अपने स्तर पर कैमरों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा की तैयारियों के तहत अकबरपुर इंटर कॉलेज से उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण शुरू हो गया है। लगभग 30 प्रतिशत परीक्षा केंद्रों को उत्तर पुस्तिकाएं मिल चुकी हैं। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती का कार्य भी पूरा हो चुका है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, सूची फाइनल होते ही 12 फरवरी को केंद्रों पर प्रश्नपत्र भेज दिए जाएंगे।
इस बीच, यूपी बोर्ड के नए निर्देशों ने परीक्षा केंद्रों में असमंजस पैदा कर दिया है। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि किसी भी केंद्र पर उसी कॉलेज की छात्राओं के कक्ष में उसी कॉलेज के शिक्षकों की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। हालांकि, बोर्ड ने सभी छात्र-छात्राओं को मिक्स प्लान के साथ बैठाने का निर्देश भी दिया है। ऐसी स्थिति में हर कक्ष में उस कॉलेज की कुछ छात्राएं भी होंगी, जिससे केंद्र व्यवस्थापकों को यह तय करने में मुश्किल हो रही है कि वे शिक्षकों की ड्यूटी कैसे लगाएं।
