जनगणना फॉर्म में अनोखे सवाल: दो पत्नियां तो ‘डबल फैमिली’, मुखिया कोई भी महिला हो सकती है
जनगणना के लिए तैयार किए गए फॉर्म में कई ऐसे सवाल हैं जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहे हैं। 34 सवालों में से एक सवाल यह भी है कि आपकी पत्नी कितनी हैं? इसके जवाब में अगर पत्नी दो होंगी तो ‘डबल फैमिली’ यानी दो दंपति का विकल्प भरना होगा। वहीं, अगर एक महिला के दो पति हों तो उसे ‘सिंगल फैमिली’ यानी एक दंपति माना जाएगा। यह गणना पत्नी की संख्या से ही निर्धारित होगी।
परिवार की मुखिया कौन होगा, यह भी एक महत्वपूर्ण सवाल है। परिवार में चाहे जितने भी पुरुष या उम्रदराज लोग हों, अगर परिवार के सदस्य किसी महिला, जैसे बहू, पत्नी, दादी या पुत्री को मुखिया बताते हैं, तो उसी का नाम फॉर्म में भरा जाएगा। मुखिया बनने के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं है।
इस जनगणना की एक और अनोखी बात यह है कि यदि कोई नौकर घर में आपके साथ या आपके किचन से भोजन कर रहा हो, तो उसे आपके परिवार का सदस्य माना जाएगा और उसका नाम भी फॉर्म में अंकित करना होगा। इसी तरह, अगर चार दोस्त एक साथ एक कमरे में रहते हैं, तो उन्हें एक परिवार माना जाएगा और उनमें से कोई भी एक दोस्त मुखिया बन सकता है।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी दुकान में सो रहे परिवार को घर या कमरा नहीं माना जाएगा। बरामदा, गैलरी और छज्जे को भी कमरा नहीं गिना जाएगा। परिवार को सोने के लिए एक कमरे की आवश्यकता होगी, जिससे यह भी पता चलेगा कि कितने परिवारों के पास रहने के लिए कमरा नहीं है।
