जमीन विवाद में दबंगों से परेशान महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
उत्तर प्रदेश के झांसी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद और स्थानीय दबंगों के लगातार उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। पीड़ित महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ था, लेकिन जब वह निर्माण के लिए पहुंची तो कुछ दबंगों ने न केवल विरोध किया बल्कि मारपीट भी की।
इस मामले में महिला ने पुलिस और प्रशासन से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने से हताश महिला ने शनिवार को खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसी महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिमरधा गांव की है। छोटेलाल अहिरवार के परिवार को सरकारी आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ था। जब वे निर्माण कार्य शुरू करने पहुंचे, तो गांव के कुछ दबंगों ने उन्हें रोका और मारपीट की। परिवार का आरोप है कि उन्होंने कई बार स्थानीय अधिकारियों और पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। शुक्रवार को फिर से मारपीट की घटना के बाद आहत होकर महिला राजकुमारी ने यह कदम उठाया। परिजनों ने तत्काल आग बुझाकर उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। सीपरी बाजार थाना प्रभारी के अनुसार, विवादित जमीन सरकारी बताई जा रही है और इसी को लेकर यह झगड़ा हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
