पांवटा साहिब से दिल्ली का सफर हुआ आसान, HRTC ने शुरू की वोल्वो नाइट सर्विस, जानें रूट और किराया
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने जिला सिरमौर के पांवटा साहिब से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए रात्रि वोल्वो बस सेवा शुरू की है। यह बस सेवा 1 दिसंबर से शुरू हुई है, जो यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है।
यह बस पांवटा साहिब से रात्रि 9:00 बजे प्रस्थान करेगी और हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत होते हुए मध्य रात्रि 3:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में, यह बस अगले दिन सुबह 10:30 बजे दिल्ली से पांवटा साहिब के लिए चलेगी और शाम 4:30 बजे पांवटा साहिब पहुंचेगी।
निगम द्वारा इस वोल्वो बस का किराया 717 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है। इससे पहले, निगम ने पांवटा साहिब से सुबह 7:00 बजे दिल्ली के लिए वोल्वो बस चलाई थी, लेकिन कम सवारी के कारण वह सेवा घाटे में चल रही थी। स्थानीय लोगों, उद्योगपतियों और यात्रियों की मांग पर अब इस बस का समय बदलकर रात्रि सेवा के रूप में कर दिया गया है।
