करनाल में दर्दनाक हादसा: ट्राले ने स्कूटी सवार पिता-पुत्री को कुचला, 200 मीटर तक घसीटा; दोनों की मौत
करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा के पास मंगलवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई। नगला मेघा निवासी 70 वर्षीय रणवीर सिंह अपनी 32 वर्षीय पुत्री रेखा के साथ स्कूटी पर सवार होकर पानीपत की तरफ से करनाल आ रहे थे। जब वे टोल प्लाजा के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राला चालक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी और उस पर सवार पिता-पुत्री ट्राले के नीचे फंस गए। ट्राला चालक ने लापरवाही दिखाते हुए उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटा। इस दौरान दोनों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस और मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और ट्राले को कब्जे में ले लिया है। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि रणवीर सिंह ने हाल ही में पानीपत से मकान बेचकर करनाल में नया मकान लिया था। उनकी बेटी भी उनके पास ही रहती थी। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
