गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा: रेलवे ट्रैक पर मोबाइल देख रहे युवक की ट्रेन से कटकर मौत, Gurugram news
गुरुग्राम में बसई गांव के पास दिल्ली-रेवाड़ी रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक हादसा हुआ है। एक युवक मोबाइल फोन चलाने में इतना मशगूल था कि उसे पीछे से आ रही ट्रेन की आवाज भी सुनाई नहीं दी। इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना रविवार शाम की है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। (Gurugram news)
मृतक की पहचान संजीत कुमार (35) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पटना जिले के बेला गांव के रहने वाले थे। संजीत गुरुग्राम में बसई गांव के पास अपने परिवार के साथ रहते थे और एक निजी कंपनी में काम करते थे। परिवार में उनकी पत्नी और एक बेटा है।
परिवार के अनुसार, रविवार को छुट्टी होने के कारण संजीत घर से बाहर घूमने गए थे। शाम करीब 5 बजे वह सेक्टर 9 ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर बैठे थे। नई दिल्ली से फिरोजपुर कैंट जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन उसी समय वहां से गुजरी। ट्रेन के लोको पायलट ने बताया कि युवक ट्रैक पर बैठा मोबाइल चला रहा था और हॉर्न देने के बावजूद उसने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया। जीआरपी ने बताया कि युवक के मोबाइल फोन की जांच में रेलवे ट्रैक के कई फोटो भी मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को परिजनों को सौंप दिया।
