अमरोहा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने ली इकलौते बेटे की जान, परिवार में मातम
अमरोहा मंडी धनौरा मार्ग पर मंगलवार रात लगभग साढ़े नौ बजे नौगावां सादात थाना क्षेत्र में गांव जिरखी के तालाब के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक शुभम गिल की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक शुभम गिल थाना क्षेत्र के गांव मुकारी निवासी देवेंद्र सिंह का इकलौता बेटा था। देवेंद्र सिंह की पत्नी का निधन पहले ही हो चुका है। शुभम की शादी हो चुकी थी और उसकी पत्नी सोनम व एक छोटी बच्ची है। शुभम जोया रोड स्थित एक कार एजेंसी में नौकरी करता था और मंगलवार रात ड्यूटी से घर लौट रहा था।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस और शुभम के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इकलौते बेटे की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार जब्त कर ली गई है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
