पुरानी दिल्ली के व्यापारी एकजुट, अवैध अतिक्रमण के खिलाफ 4 फरवरी को निकालेंगे विरोध मार्च: Delhi traders protest
पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों के व्यापारियों ने अवैध रेहड़ी-पटरी और अतिक्रमण के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन का फैसला किया है। चांदनी चौक में हुई बैठक में 50 से अधिक व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने विरोध मार्च निकालने का निर्णय लिया। यह मार्च 4 फरवरी को सदर बाजार के बारा टूटी चौक से शुरू होगा और अन्य थोक बाजारों से गुजरेगा।
व्यापारियों ने सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर अवैध अतिक्रमण को लेकर गंभीर चिंता जताई है, जिससे करीब पांच लाख कारोबारियों वाला पुरानी दिल्ली का व्यापार प्रभावित हो रहा है। दिल्ली व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज बवेजा ने कहा कि अतिक्रमण के कारण व्यापार ठप हो रहा है और दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन (डीएचएमए) के अध्यक्ष मुकेश सचदेवा और महासचिव श्रीभगवान बंसल ने बताया कि इससे पैदल यात्रियों और ग्राहकों को असुविधा हो रही है, साथ ही आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी बाधित हो रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद विभागों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई केवल दिखावटी साबित होती है।
यदि संबंधित विभागों द्वारा अवैध अतिक्रमण पर स्थायी और सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो व्यापारी 4 फरवरी को शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालेंगे। व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि इसके बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे की रणनीति अगले चरण में घोषित की जाएगी।
