फतेहपुर में धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक मजदूर की दर्दनाक मौत, दो गंभीर
फतेहपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है, जहाँ मथैयापुर से धान की बोरियां लादकर गोदाम जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बजरंगापुर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर एक मजदूर हरिओम (27) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक लालबाबू और दूसरे मजदूर दीनदयाल (38) गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने हरिओम को मृत घोषित कर दिया। चालक लालबाबू की छाती की पसली की हड्डी टूटी है और दीनदयाल के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। दोनों का इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर सुनकर मृतक मजदूर हरिओम की पत्नी दशोदा देवी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से यह हादसा हुआ है और घायलों का उचित उपचार कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
