शिमला-कालका ट्रैक पर तेज होगी टॉय ट्रेन, पावर कार ट्रायल से रफ्तार में होगा इजाफा
कालका-शिमला नैरो गेज ट्रैक पर जल्द ही ट्रेनें तेज रफ्तार से दौड़ेंगी। इसके लिए विशेष रूप से तैयार की गई एनजी पावर कार का डिटेल्ड ऑस्सिलेशन ट्रायल मंगलवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षण पावर कार के लगेज और गार्ड कम्पार्टमेंट में संशोधन के बाद किया जा रहा है।
इस ट्रायल के दौरान ट्रेन को अधिकतम 28 किमी प्रति घंटे की गति से चलाया जाएगा। यह परीक्षण आरडीएसओ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगा। विशेष ट्रेन कालका से शिमला के बीच विभिन्न सेक्शनों में रिकॉर्डिंग और नॉन-रिकॉर्डिंग रन करेगी। इसमें पावर कार सहित अन्य आवश्यक कोच शामिल होंगे।
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए ट्रैक निरीक्षण, ब्रेकिंग सिस्टम की जांच, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम और संचार व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। आरपीएफ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी।
इस परीक्षण के सफल होने के बाद हेरीटेज रेलवे नैरो गेज ट्रैक पर टॉय ट्रेन की गति 28 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाएगी। वर्तमान में ट्रेन 23 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 96 किलोमीटर की दूरी औसतन 5 घंटे में तय करती है। नई गति से यह दूरी करीब 4.30 घंटे में पूरी हो सकेगी, जिससे यात्रियों के समय की बचत होगी।
