PUBG के बहाने दोस्त का मोबाइल लिया, युवती को बहला-फुसलाकर किया अगवा; परिजन परेशान
नालंदा के हिलसा में एक युवक ने पबजी गेम खेलने का बहाना बनाकर अपने दोस्त से मोबाइल लिया और फिर उसी मोबाइल का इस्तेमाल कर एक युवती को अगवा कर लिया। युवती सूर्य मंदिर के पास स्थित एस.यू. कॉलेज में परीक्षा देने आई थी। युवक ने उसे बहला-फुसलाकर सूर्य मंदिर तालाब के पास बुलाया और वहां से उसे लेकर फरार हो गया।
जब युवती जब देर शाम तक घर नहीं लौटी, तो उसके परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने हिलसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने दरोगा कुआं मोहल्ला से एक युवक को हिरासत में लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवती के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
