अहमदाबाद के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप; पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच
गुजरात के अहमदाबाद में 10 स्कूलों और कलोल के एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी सभी स्कूलों को ई-मेल के जरिए भेजी गई। धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन और बम स्क्वॉड की टीम ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
अहमदाबाद में जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें जेबर स्कूल, जायडस स्कूल, महाराजा अग्रसेन स्कूल, सीबीएसई डिवाइन चाइल्ड स्कूल, निर्माण स्कूल, जेम्स एंड जेनेसिस और डीएवी इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं। कलोल के आविष्कार स्कूल को भी धमकी भरा मेल आया है।
धमकी दोपहर करीब 1:30 बजे मिली। स्कूलों के पास ई-मेल आते ही पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। पुलिस ने इस धमकी को गंभीरता से लिया और स्कूल में मौजूद सभी बच्चों को तुरंत बाहर निकाला।
अहमदाबाद पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एसओजी टीम जांच में जुट गई हैं। साइबर क्राइम की टीम ने भी इस धमकी वाले मेल की जांच शुरू कर दी है। फायर ब्रिगेड की टीम भी स्कूलों के पास पहुंच गई हैं। वेजलपुर में स्थित जायडस स्कूल को धमकी मिलने के बाद पुलिस, फायर डिपार्टमेंट और एंबुलेंस की गाड़ियां तैनात हैं। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर घर भेज दिया गया है। स्कूल के 50 मीटर के दायरे में पब्लिक मूवमेंट बंद कर दी गई है।
