नूंह में 1.5 करोड़ की चोरी: 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, जांच के लिए बनी 6 टीमें (Nuh crime news)
हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां कस्बे में रविवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। नत्थीलाल हरिओम सोनी ज्वेलर्स की दुकान से करीब 1.5 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
बदमाशों ने रविवार तड़के करीब 3:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। छह नकाबपोश बदमाश पहले दुकान के बाहरी ताले तोड़े, फिर लोहे की रॉड से शटर तोड़कर अंदर घुस गए। हथियारों से लैस बदमाशों ने पोटली और बैग में भरकर भारी मात्रा में आभूषण चुराए। सीसीटीवी फुटेज में छह बदमाश नजर आ रहे हैं, हालांकि पुलिस को अन्य बदमाशों के शामिल होने की आशंका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नूंह पुलिस ने छह जांच टीमें गठित की हैं। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने और अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करने में जुटी हैं। जांच टीम ने दुकान से कुछ सबूत भी जुटाए हैं। हालांकि, बदमाशों द्वारा दस्ताने पहने जाने के कारण फिंगरप्रिंट्स नहीं मिल पाए हैं, जिससे जांच में कठिनाई आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी जितेंद्र राणा और बाद में नूंह पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने पीड़ित व्यापारी से मुलाकात कर जल्द ही बदमाशों को पकड़ने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, स्थानीय आभूषण व्यापारी इस वारदात के बाद डरे हुए हैं और उन्होंने कस्बे में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
