सब इंस्पेक्टर की टोपी पहनकर सोशल मीडिया पर रौब झाड़ रहा था युवक, पुलिस ने फोटो देख शुरू की जांच
रोहटा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवक का उपनिरीक्षक की टोपी पहने फोटो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। कस्बा करनावल निवासी उदयवीर पुत्र वेदपाल ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में बताया गया है कि यह फोटो रोहटा पुलिस चौकी के अंदर का है, जिसमें युवक चौकी प्रभारी की कैप लगाकर सैल्यूट कर रहा है।
आरोप है कि आरोपित युवक इन फोटो को दिखाकर गांव में रौब ग़ालिब कर रहा है और पुलिस के नाम पर कई अनैतिक कार्य को अंजाम दे रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि युवक इन तस्वीरों का दुरुपयोग करके लोगों को डरा-धमका रहा है।
शिकायत में आरोपित के संपर्क में रहने वाले पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच कराने और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
