सिनर्स ने ऑस्कर में 16 नामांकन पाकर रचा इतिहास, टाइटैनिक के रिकॉर्ड को तोड़ा
रॉयन कूगलर द्वारा निर्देशित फिल्म ‘सिनर्स’ ने 98वें अकादमी पुरस्कारों के लिए 16 नामांकन प्राप्त कर ऑस्कर इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह नामांकन संख्या अब तक की सबसे अधिक है, जिसने ‘ऑल अबाउट ईव’, ‘टाइटैनिक’ और ‘ला ला लैंड’ जैसी फिल्मों के 14 नामांकन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर्स आर्ट्स एंड साइंसेज के सदस्यों ने ‘सिनर्स’ को अभूतपूर्व समर्थन दिया है।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म श्रेणी में नामांकन के अलावा, कूगलर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ पटकथा के लिए भी नामांकित किया गया है। फिल्म के मुख्य अभिनेता माइकल बी जार्डन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए उनका पहला ऑस्कर नामांकन मिला है।
एक अन्य प्रमुख फिल्म, पॉल थॉमस एंडरसन की ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’, 13 नामांकन के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस फिल्म के चार अभिनेताओं को नामांकित किया गया है, हालांकि नवोदित अभिनेत्री चेस इन्फिनिटी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में जगह नहीं मिली।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए कुल दस फिल्मों को नामांकित किया गया है, जिनमें ‘बुगोनिया’, ‘एफ1’, ‘फ्रैंकस्टीन’, ‘हैमनेट’, ‘मार्टी सुप्रीम’, ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’, ‘द सीक्रेट एजेंट’, ‘सेंटिमेंटल वैल्यू’, ‘सिनर्स’ और ‘ट्रेन ड्रीम्स’ शामिल हैं।
इस बीच, भारतीय फिल्म निर्माता नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में अंतिम पांच में जगह बनाने में असफल रही, जिससे वह ऑस्कर 2026 की दौड़ से बाहर हो गई। वहीं, भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता गीता गांधबीर को दो ऑस्कर नामांकन मिले हैं।
