कर्ज और कलह का कहर: सास-बहू के झगड़े से तंग आकर परिवार के 3 सदस्यों ने खाया जहर
कठुआ जिले में पारिवारिक कलह के चलते एक परिवार के तीन सदस्यों ने जहर खा लिया। पति, पत्नी और बच्चे की हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दुखद घटना कठुआ के राजबाग पुलिस स्टेशन अंतर्गत मरहीन चंगी गांव में घटी।
पुलिस के अनुसार, इस घटना का मुख्य कारण पारिवारिक कलेश है, जो एक बड़े कर्ज के कारण उत्पन्न हुआ था। कुछ समय पहले जोध राज ने सांझी मोड़ स्थित जेके बैंक शाखा से वेल्डिंग की दुकान खोलने के लिए 10 लाख रुपये का लोन लिया था। समय पर लोन न चुका पाने के कारण बैंककर्मी लगातार घर पर चक्कर लगा रहे थे, जिससे परिवार पर दबाव बढ़ रहा था।
लोन चुकाने के लिए परिवार ने बेटे मनोज कुमार की पत्नी कनिका के गहने भी बेच दिए थे। इसके बावजूद लोन खत्म नहीं हो रहा था, जिसके चलते सास और बहू के बीच रोज झगड़ा हो रहा था। यह तनाव इतना बढ़ गया कि शुक्रवार को झगड़ा होने के बाद मनोज कुमार ने पहले जहर निगल लिया।
बेटे को जहर खाते देख मनोज के पिता जोध राज और मां नीलम देवी ने भी जहर निगल लिया। इसके बाद मनोज की पत्नी ने अपने मायके में इसकी जानकारी दी। मायके से आए भाई साहिल कुमार ने तीनों को जीएमसी कठुआ पहुंचाया।
राजबाग थाना प्रभारी अजय चिब ने बताया कि पारिवारिक लड़ाई झगड़े के कारण यह घटना हुई है। तीनों को जीएमसी कठुआ में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस का कहना है कि तीनों अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। बयान मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
