0

थाने से 200 मीटर दूर होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

By Nov 15, 2025

सारण के मढ़ौरा में एक बार फिर देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। शनिवार देर शाम पुलिस ने स्टेट हाइवे किनारे स्थित होटल आदित्य में छापेमारी कर दो महिलाओं सहित चार लोगों को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में हिरासत में लिया। सारण एसएसपी डॉ. कुमार आशीष के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद होटल को सील कर दिया गया। छापेमारी के दौरान एसडीओ निधि राज और एसडीपीओ नरेश पासवान स्वयं मौके पर मौजूद रहे और उनकी देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।

पुलिस टीम ने होटल के कई कमरों की तलाशी ली, हालांकि किसी कमरे से सीधे तौर पर आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद, पुलिस ने मौके से कुछ मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की है। थानाध्यक्ष अजय कुमार और राजस्व अधिकारी की उपस्थिति में होटल को सील करने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके उपरांत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, मढ़ौरा थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित इस होटल में वर्षों से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं। आवासीय परिसर में संचालित होने के कारण यह होटल अक्सर चर्चा का विषय बना रहता था। लोगों ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है जब इस होटल पर कार्रवाई हुई है। पिछले वर्ष 24 अक्टूबर को तत्कालीन थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने भी इसी होटल में छापेमारी कर तीन युवतियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया था और होटल को सील कर दिया गया था। इसके बावजूद, कुछ ही महीनों में अवैध गतिविधियां फिर से शुरू होने की शिकायतें मिलने लगी थीं।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि होटल संचालक एक प्रभावशाली परिवार से आते हैं, जिसके कारण लंबे समय से यह अवैध कारोबार बिना किसी बड़े व्यवधान के चलता रहा। कई बार पुलिस की दबिश के बावजूद सफलता सिर्फ दो मौकों पर ही मिली, जिससे स्थानीय स्तर पर यह चर्चा थी कि शिकायतें होने पर भी मामला दबा दिया जाता है। ताजा छापेमारी के बाद मढ़ौरा क्षेत्र में एक बार फिर यह मुद्दा गरमा गया है। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई है कि यह कार्रवाई पहले की तरह महज औपचारिक न होकर प्रभावी और निर्णायक साबित होगी, जिससे क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर पूर्ण विराम लग सके।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें