रोशन नगर में चोरों का आतंक: घर से 60 हजार नकद और जेवर चोरी, पुलिस जांच शुरू
सहावर थाना क्षेत्र के रोशन नगर गांव में अज्ञात चोरों ने एक मकान से 60 हजार रुपये की नकदी और सोने चांदी के जेवर पार कर दिए। यह घटना गत पांच दिसंबर की रात्रि करीब साढ़े 12 बजे की है। पीड़ित विनोद पुत्र उल्फत सिंह ने बताया कि चोर उसके घर में घुस आए और कमरे से नकदी व जेवर चोरी कर लिए।
विनोद ने बताया कि जब उसने शोर मचाया तो पड़ोसी विजय सिंह ने बताया कि कुछ अज्ञात चोर उसकी दीवार फांदकर भागे हैं। पीड़ित को आशंका है कि यही चोर रुपये व जेवर चोरी करके ले गए हैं। विनोद ने बताया कि उसने यह रुपये पशुओं को बेचकर एकत्रित किए थे, जिससे उसे बड़ा नुकसान हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और आसपास के लोगों से घटना से संबंधित जानकारी ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
