शिक्षिका शिवानी हत्याकांड: शिक्षक सहित दो हिरासत में, DIG बोले- ‘सुपारी देकर कराई गई हत्या’
अररिया के नरपतगंज में शिक्षिका शिवानी वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सहायक शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा सहित दो को हिरासत में लिया है। पुलिस को आशंका है कि इस साजिश में एक से अधिक व्यक्ति शामिल हैं।
सहायक शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा कन्हैली विद्यालय परिसर में ही बने उच्च विद्यालय में कार्यरत है। बुधवार रात फारबिसगंज के पटेल चौक स्थित आवास से उसे हिरासत में लिया गया। शिवानी का मोबाइल भी पुलिस के पास है। पुलिस तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और डिजिटल चैट की जांच में जुटी है, ताकि रिश्तों, विवाद और घटना के पीछे की वजह तक पहुंचा जा सके।
शिवानी मूलरूप से उत्तरप्रदेश के बाराबंकी जिले की हैदरगढ़ की रहने वाली थीं। वह पिछले दो वर्षों से मध्य विद्यालय कन्हैली में कार्यरत थीं। बुधवार की सुबह स्कूटी से स्कूल जाने क्रम में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव को एंबुलेंस से उनके पैतृक घर भेज दिया गया। सहायक शिक्षक रंजीत कुमार वर्मा भी उत्तर प्रदेश का ही रहने वाला है।
इधर, पूर्णिया प्रक्षेत्र के डीआइजी प्रमोद कुमार मंडल ने गुरुवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच साफ संकेत देती है कि हत्या सुपारी देकर कराई गई है। उन्हें उम्मीद है कि मोबाइल डाटा और कॉल रिकॉर्ड से हत्या का कारण स्पष्ट हो जाएगा। पुलिस जल्द ही हत्यारे तक पहुंच जाएगी। डीआईजी के साथ एसपी अंजनी कुमार, नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
