0

उत्तराखंड में खुलेगी फायटो सेनेटरी लैब, फल-सब्जी निर्यात को मिलेगी नई उड़ान

By Nov 26, 2025

देहरादून: उत्तराखंड से फल, सब्जी और कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए राज्य में एक अत्याधुनिक फायटो सेनेटरी लैब की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। इस कदम से राज्य के किसानों और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपने उत्पादों की जांच कराने में बड़ी सुविधा होगी, जिससे निर्यात प्रक्रिया में तेजी आएगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिल्ली में केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। केंद्रीय मंत्री गोयल ने इस पर संज्ञान लेते हुए कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) को उत्तराखंड में फायटो सेनेटरी लैब की स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

कृषि मंत्री के अनुसार, वर्तमान में राज्य में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण के लिए कोई उन्नत लैब नहीं है। इस कारण किसानों और निर्यातकों को फायटो सेनेटरी प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए चंडीगढ़, लखनऊ, सहारनपुर और गाजियाबाद जैसे शहरों पर निर्भर रहना पड़ता था। इस निर्भरता के कारण निर्यात प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब होता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। साथ ही, प्रतिस्पर्धी वैश्विक बाजारों में उत्तराखंड के उत्पादों को नुकसान उठाना पड़ता था।

कैबिनेट मंत्री जोशी ने केंद्रीय मंत्री से राज्य में एपीडा के माध्यम से इस लैब की स्थापना का अनुरोध किया था, जो फल, सब्जी और अन्य खाद्य उत्पादों के निर्यात के लिए एक अनिवार्य प्रमाणपत्र है। लैब की स्थापना के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए मंत्री जोशी ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इससे पहले, बोर्ड ऑफ ट्रेड की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि के रूप में भाग लेते हुए, मंत्री जोशी ने बताया था कि राज्य में निर्यात प्रोत्साहन नीति लागू है। इस नीति के तहत, अगले पांच वर्षों में राज्य के निर्यात लक्ष्य को 15,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 30,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में, राज्य से फार्मा, प्लास्टिक, केमिकल और ऑटोमोबाइल उत्पादों का संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका और सिंगापुर जैसे देशों को निर्यात किया जा रहा है। पंतनगर और काशीपुर में संचालित दो ICD (एकीकृत चेक पोस्ट) के अलावा हरिद्वार में एक नया ICD निर्माणाधीन है, जो लॉजिस्टिक्स को और मजबूत करेगा।

राज्य की निर्यात नीति और लॉजिस्टिक नीति ने निर्यात क्षमता को मजबूत आधार प्रदान किया है। ‘हाउस ऑफ हिमालयज’ जैसे स्थानीय उत्पादों के अंब्रेला ब्रांड ने वैश्विक बाजार में कृषि और औद्यानिकी उत्पादों के लिए एक नई पहचान बनाई है। नई फायटो सेनेटरी लैब की स्थापना इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम साबित होगी, जो राज्य के किसानों और निर्यातकों के लिए नए अवसर खोलेगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें