ट्रंप और ममदानी की पहली मुलाकात: विरोधी हुए एक, न्यूयॉर्क को बेहतर बनाने का साझा लक्ष्य
न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। यह पहली बार था जब दोनों नेताओं ने आमने-सामने बैठकर बातचीत की, जबकि उन्हें अक्सर एक-दूसरे का प्रबल विरोधी माना जाता रहा है। इस मुलाकात के दौरान, ट्रंप ने गिले-शिकवे भुलाकर ममदानी का गर्मजोशी से स्वागत किया और न्यूयॉर्क को बेहतर बनाने के उनके साझा लक्ष्य पर बल दिया।
ट्रंप ने कहा कि उनके और मेयर ममदानी के बीच एक समानता है, और वह है न्यूयॉर्क सिटी के प्रति उनका प्रेम और इसे और बेहतर बनाने की इच्छा। उन्होंने मेयर ममदानी को उनके अविश्वसनीय चुनाव अभियान के लिए बधाई दी, जिसमें उन्होंने आसानी से अपने प्रतिद्वंद्वी को हराया था। ट्रंप ने बताया कि बैठक के दौरान आवास निर्माण, खाद्य आपूर्ति और कीमतों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
राष्ट्रपति ट्रंप ने न्यूयॉर्क सिटी को बेहतर बनाने के प्रयासों में व्हाइट हाउस से हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि न्यूयॉर्क सिटी को एक बहुत ही बेहतरीन मेयर मिलेगा। वो जितना अच्छा काम करेंगे, मुझे उतनी ज्यादा खुशी होगी। हमारे बीच पार्टी या किसी भी चीज का कोई अंतर नहीं है। हम उनकी मदद करेंगे, जिससे न्यूयॉर्क एक सुरक्षित और बेहतरीन शहर बन सके।”
यह उल्लेखनीय है कि पहले ट्रंप प्रशासन ने ममदानी को “सांप्रदायिक” तक कह दिया था और ममदानी ने भी ट्रंप की आलोचना की थी। हालांकि, अब ट्रंप ने कहा कि भले ही उनके विचार थोड़े अलग हों, लेकिन वे बदलते हैं और वे देश के लिए बेहतर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरे कुछ विचार बदल चुके हैं।”
दूसरी ओर, जोहरान ममदानी ने भी राष्ट्रपति ट्रंप की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी मुलाकात के दौरान असहमति वाले मुद्दों पर ध्यान केंद्रित नहीं किया गया, बल्कि न्यूयॉर्कवासियों की सेवा के समान मकसद पर जोर दिया गया। ममदानी ने कहा, “मुझे लगता है ट्रंप और मेरे विचार बिल्कुल साफ हैं। हमारे बीच कई चीजों को लेकर असहमतियां हैं, लेकिन हमारी मुलाकात के दौरान उसपर ध्यान केंद्रित नहीं किया गया और यही बात मुझे राष्ट्रपति की बहुत ज्यादा पसंद आई। न्यूयॉर्कवासियों की सेवा के लिए हमारा मकसद समान है।” इस मुलाकात ने भविष्य में दोनों के बीच सकारात्मक सहयोग की उम्मीद जगाई है।
