तीन दिन बाद भी डाकघर के गायब थैले का कोई सुराग नहीं, पुलिस की तलाश जारी
राया। स्थानीय डाकघर से तीन दिन पूर्व गायब हुए डाक के थैले का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। यह घटना थाने के सामने रेलवे की बाउंड्री पर हुई, जहां कर्मचारी ने डाक थैले को रखा था। पुलिस सूचना मिलने के बाद से ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने और अन्य संभावित माध्यमों से थैले की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है।
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को प्रतिदिन की भांति राया डाकघर से बाहर जाने वाली डाक का थैला एक कर्मचारी द्वारा थाने के सामने रेलवे बाउंड्री पर रख दिया गया था। इसी बीच, किसी अज्ञात व्यक्ति ने थैले को वहां से पार कर दिया। जब मुख्यालय पर उस दिन की डाक का थैला नहीं पहुंचा, तो मामले की जानकारी की गई।
स्थानीय डाक कर्मियों को इस घटना की जानकारी मिलते ही उनमें हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और थैले की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, लेकिन अभी तक थैले का कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना से डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं और लापरवाही उजागर हो रही है।
प्रभारी निरीक्षक रवि भूषण शर्मा ने बताया कि डाक पत्र के थैला की शिकायत लेकर डाककर्मी आए थे, लेकिन उन्होंने अभी तक पुलिस में औपचारिक तहरीर नहीं दी है। पुलिस अपनी ओर से थैले की तलाश कर रही है, लेकिन फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
