0

टिहरी बस दुर्घटना: ब्रेक फेल या चालक की गलती? जांच जारी

By Nov 24, 2025

नरेंद्रनगर के कुंजापुरी मंदिर मार्ग पर सोमवार को हुई बस दुर्घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी आयुष अग्रवाल ने तत्काल घटना स्थल का निरीक्षण किया और उपजिला अस्पताल नरेंद्रनगर में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। दुर्घटना के कारणों को लेकर घायलों के बयानों में स्पष्ट विरोधाभास सामने आया है, जिससे जांच की स्थिति असमंजस भरी बनी हुई है।

घायल बस चालक शंभू सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी खांडगांव, रायवाला ने अधिकारियों को बताया कि मंदिर की पार्किंग से कुछ ही दूरी पर बस में सवारियां बैठ रही थीं। जब उसने बस स्टार्ट करने के लिए सेल्फ लगाया, तो बस अनियंत्रित हो गई और आगे बढ़ने लगी। उसने बस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। ब्रेक फेल होने के कारण बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

वहीं, दूसरी ओर घायल पर्यटकों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। एक घायल पर्यटक शिव कुमार शाह ने बताया कि बस में सभी यात्री अभी चढ़े भी नहीं थे कि चालक ने बस स्टार्ट कर दी और चलाने लगा। यात्रियों के चिल्लाने के बावजूद चालक नहीं रुका, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया और चालक से पूछताछ के आधार पर, बस के ब्रेक फेल होने और ढलान होने के कारण यह हादसा होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इस दौरान, चिकित्साकर्मियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए। मौके पर सीएमओ टिहरी डा. श्याम विजय, एएसपी जेआर जोशी, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें