टाटानगर स्टेशन के बाहर ऑटो में दो धमाके, मच गई अफरा-तफरी
जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर सोमवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लगने के बाद दो जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा स्टेशन परिसर दहल गया। धमाकों की आवाज इतनी तीव्र थी कि लोग दहशत में आ गए और स्टेशन के बाहर आवागमन कुछ देर के लिए बाधित हो गया।
सूत्रों के अनुसार, कीताडीह निवासी एक ऑटो चालक पवन राय यात्रियों को लेकर स्टेशन की ओर बढ़ रहा था। तभी आसपास के लोगों ने ऑटो के नीचे से चिंगारी निकलते देखी और चालक को आगाह किया। चेतावनी के कुछ ही क्षण बाद ऑटो से धुआं उठने लगा और आग भड़क गई। चालक और सभी यात्री समय रहते ऑटो से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।
आग की लपटें तेज होते ही सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद एक के बाद एक दो जोरदार धमाके हुए। ऑटो पूरी तरह से जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले शनिवार सुबह भी स्टेशन के बाहर एक कार में आग लगने की घटना सामने आई थी।
