T20 World Cup: भारत-पाकिस्तान मैच पर सस्पेंस खत्म, पाकिस्तान ने खेलने की पुष्टि की
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले पर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात अपने X अकाउंट पर पोस्ट कर इस मैच में खेलने की पुष्टि कर दी है। पाकिस्तान ने पहले बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का ऐलान किया था।
पाकिस्तान सरकार ने बताया कि श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को फोन कर भारत के खिलाफ मैच खेलने की अपील की थी। इसके अलावा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से मुकाबला खेलने की सिफारिश की थी। इन अपीलों के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला बदला।
आईसीसी के सामने रखी थीं ये शर्तें
पाकिस्तान ने भारत से खेलने के मुद्दे पर आईसीसी के सामने तीन शर्तें रखी थीं। पहली, आईसीसी की कुल कमाई में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाया जाए। दूसरी, भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज बहाल कराई जाए। तीसरी, मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू किया जाए। पाकिस्तान का दावा है कि आईसीसी ने उसकी शर्तें मान ली हैं, लेकिन इंडिया टुडे की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आईसीसी ने पाकिस्तान की तीनों मांगें खारिज कर दी हैं। आईसीसी ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
श्रीलंका ने की थी अपील
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से इस मैच पर दोबारा विचार करने की अपील की थी। श्रीलंका क्रिकेट ने PCB को मेल लिखकर कहा था कि भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होने से श्रीलंका क्रिकेट को आर्थिक नुकसान होगा और टूर्नामेंट की इमेज को भी नुकसान पहुंचेगा। श्रीलंका इस टूर्नामेंट को भारत के साथ मिलकर होस्ट कर रहा है।
भारतीय टीम का रुख
BCCI सूत्रों ने साफ किया है कि भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार ही श्रीलंका दौरे पर जाएगी। टीम 15 फरवरी से पहले श्रीलंका पहुंचेगी और आईसीसी के सभी प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करेगी। हालांकि, मैच को लेकर अंतिम फैसला मैदान पर मौजूद मैच रेफरी द्वारा ही लिया जाएगा।
