T20 World Cup: भारत से मैच खेलने से पाकिस्तान का इनकार, ICC ले सकता है बड़ा एक्शन
पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने रविवार को घोषणा की कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना था। इस फैसले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने PCB से अपने रुख पर पुनर्विचार करने को कहा है। पाकिस्तान के इस कदम से टीम को कई गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं, जिसमें टूर्नामेंट से बाहर होना और भविष्य में आईसीसी इवेंट्स की मेजबानी गंवाना शामिल है।
टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा
आईसीसी की प्लेइंग कंडीशन के अनुसार, मैच का बहिष्कार करने पर पाकिस्तान का रन रेट बुरी तरह प्रभावित होगा। क्लॉज 16.10.7 के तहत, पाकिस्तान को 20 ओवर में 0 रन दिए जाएंगे, जबकि भारत का कोई ओवर काउंट नहीं होगा। इससे पाकिस्तान का रन रेट बाकी मैच जीतने के बावजूद निगेटिव में जा सकता है। ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान के अलावा नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका जैसी टीमें हैं। अगर पाकिस्तान इन छोटी टीमों से एक भी मैच हार जाता है, तो खराब रन रेट के कारण टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो सकती है।
आईसीसी बैन और भविष्य की मेजबानी पर असर
आईसीसी ने पाकिस्तान से इस फैसले पर स्पष्टीकरण मांगा है। यदि पाकिस्तान संतोषजनक जवाब नहीं दे पाता है, तो आईसीसी उसे इसी वर्ल्ड कप से बैन कर सकता है। इससे पहले भी कई टीमें वर्ल्ड कप में मैच का बहिष्कार कर चुकी हैं। इसके अलावा, पाकिस्तान ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी। भारत-पाकिस्तान मैच से आईसीसी को बड़ा राजस्व मिलता है। मैच रद्द होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आईसीसी पाकिस्तान को भविष्य में मिलने वाली मेजबानी से हटा सकता है और उसके वार्षिक राजस्व हिस्से को भी कम कर सकता है।
पीएसएल को एनओसी मिलने में अड़चन
पाकिस्तान इस मामले में सुरक्षा कारणों का हवाला नहीं दे सकता, क्योंकि टीम अपने सभी मैच भारत की बजाय श्रीलंका में खेलने वाली है। अगर पाकिस्तान बांग्लादेश को समर्थन देने का कारण बताता है, तो भी आईसीसी कार्रवाई कर सकता है। आईसीसी पहले ही चेतावनी दे चुका है कि बांग्लादेश को समर्थन देने पर पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) नहीं मिलेगा।
नॉकआउट स्टेज पर अनिश्चितता
पाकिस्तान ने केवल ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ खेलने से मना किया है, लेकिन नॉकआउट स्टेज में अगर दोनों टीमें आमने-सामने आती हैं तो पाकिस्तान का रुख स्पष्ट नहीं है। आईसीसी सूत्रों के मुताबिक, इस पर भी पाकिस्तान से जवाब मांगा जाएगा। पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा है कि वे केवल वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं और सरकार के फैसले का पालन करेंगे।
