T20 World Cup: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार पर टाला फैसला, सस्पेंस बरकरार
टी20 विश्व कप शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी हैं, लेकिन पाकिस्तान की इसमें भागीदारी को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टूर्नामेंट में भागीदारी पर अंतिम फैसला टाल दिया है। यह फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार तक लिया जाएगा।
पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ इस मुद्दे पर अहम बैठक की। इस बैठक में पाकिस्तान के संभावित विकल्पों पर विचार किया गया, जिसमें भारत के खिलाफ होने वाले हाई-प्रोफाइल मुकाबले का बहिष्कार भी शामिल है। यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठाया जा सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि पाकिस्तान को हरसंभव तरीके से बांग्लादेश का समर्थन करना चाहिए। आईसीसी ने हाल ही में बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। बांग्लादेश ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया था।
बैठक में कई संभावित परिदृश्यों पर चर्चा हुई। इनमें यह विकल्प भी शामिल था कि पाकिस्तान या तो पूरी तरह टी20 विश्व कप से हट जाए, या फिर टूर्नामेंट में हिस्सा तो ले लेकिन भारत के विरुद्ध होने वाले मुकाबले का बहिष्कार करे। पाकिस्तान का यह कदम बांग्लादेश क्रिकेट को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया जा सकता है।
पीसीबी पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मौजूदा हालात को देखते हुए पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार ही लेगी। आईसीसी ने अपने बयान में कहा था कि स्वतंत्र सुरक्षा आकलनों में भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों, अधिकारियों या प्रशंसकों के लिए किसी तरह का सत्यापित खतरा नहीं पाया गया, इसलिए कार्यक्रम में बदलाव संभव नहीं है। इस बीच, पीसीबी ने रविवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा भी कर दी है, जिसकी कमान सलमान अली आगा के हाथों में होगी।
