गाजियाबाद में 3 बहनों की आत्महत्या: Korean culture की दीवानगी या पारिवारिक कलह?
गाजियाबाद के टीलामोड इलाके में तीन बहनों की आत्महत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने अपने घर की 9वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि बच्चियां एक कोरियन गेम के टास्क को पूरा करने के लिए आत्महत्या कर रही थीं। हालांकि, 10 घंटे की गहन छानबीन के बाद पुलिस ने इस थ्योरी को खारिज कर दिया। जांच में पता चला कि घटना से कुछ देर पहले पिता चेतन ने तीनों को डांटा था और उनके मोबाइल फोन छीन लिए थे।
बच्चियों के कमरे से मिली डायरी और परिजनों के बयान से पता चला कि तीनों बहनें खुद को भारतीय नहीं, बल्कि कोरियन मानती थीं। कोविड काल (2020) में स्कूल छूटने के बाद उन्होंने मोबाइल पर कोरियन फिल्में और वेब सीरीज देखना शुरू कर दिया था। धीरे-धीरे वे कोरियन संस्कृति में इतनी ढल गईं कि उन्होंने अपना नाम बदल लिया, कोरियन भाषा सीख ली और आपस में भी उसी भाषा में बात करती थीं। वे कोरियन लड़कों को पसंद करती थीं और कोरियन पहनावे को अपना चुकी थीं।
तीनों बहनों ने मिलकर एक यूट्यूब चैनल भी बनाया था, जिस पर वे कोरियन संस्कृति से जुड़ा कंटेंट अपलोड करती थीं। पढ़ाई में रुचि कम होने के कारण वे स्कूल जाना बंद कर चुकी थीं। पिता चेतन ने भी आर्थिक तंगी के चलते उनकी पढ़ाई पर ज्यादा जोर नहीं दिया। बच्चियों की यह दीवानगी इतनी बढ़ गई थी कि उन्होंने अपनी छोटी बहन को भी कोरियन वीडियो दिखाना शुरू कर दिया था, जिस पर पिता ने उन्हें डांट लगाई थी।
पुलिस जांच में परिवार की आर्थिक स्थिति और आंतरिक कलह भी सामने आई है। पिता चेतन को कारोबार में 2 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। चेतन ने अपनी पहली पत्नी की बहन से दूसरी शादी की थी और तीसरी बहन को भी घर में रखा हुआ था। इस बात को लेकर पहली पत्नी से उनका झगड़ा हुआ था और वह घर छोड़कर चली गई थी। यह पारिवारिक तनाव भी बच्चियों के मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल रहा था।
पुलिस इस मामले को केवल आत्महत्या मानकर नहीं चल रही है। जांच में कई ऐसे सवाल सामने आए हैं, जिन पर संदेह है। पुलिस के अनुसार, बालकनी की रेलिंग पर खड़े होने की जगह नहीं थी, फिर भी पड़ोसियों ने बच्चियों को रेलिंग पर बैठे देखा था। इसके अलावा, 85 फीट की ऊंचाई से गिरने के बावजूद तीनों शवों का दीवार से सटकर गिरना भी गिरना संदेह पैदा करता है। पुलिस अब इन पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है।
