BHU में छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत, 3600 नई छात्रवृत्तियां होंगी लॉच
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) इंस्टीट्यूट ऑफ एमिनेंस (आइओई) योजना के तहत करीब 200 करोड़ रुपये खर्च करने का रोडमैप तैयार है। इस योजना से छात्र कल्याण और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए कई कार्य कराए गए हैं।
नई छात्रवृत्तियां
योजना के तहत शीघ्र ही 3,600 नई छात्रवृत्तियां शुरू करने की तैयारी है, जिसका लक्ष्य कुल छात्रों में 10 प्रतिशत को लाभान्वित करना है। इसके अलावा, गरीबी रेखा से नीचे के सभी छात्रों को 25 हजार रुपये की वित्तीय सहायता देने का लक्ष्य तय किया गया है। वैश्विक प्रदर्शन, वित्तीय सहायता और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छात्रों को मिला लाभ
‘लीडरशिप एंड लाइफ स्किल्स इनिशिएटिव’ और ‘टीच फार बीएचयू’ से 125 पीएचडी छात्रों को लाभ मिला है। एसआरके इंटर्नशिप के लिए 320 मास्टर्स छात्रों का चयन हुआ है। शोध और वैश्विक प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए पीएचडी छात्रों को विदेशी और राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला है। 15 पीएचडी छात्रों को विदेशी विश्वविद्यालयों में एक सेमेस्टर और 23 पीएचडी छात्रों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में एक सेमेस्टर बिताने का अवसर मिला। करीब 203 छात्रों को अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लेने के लिए यात्रा सहायता प्रदान की गई। 53 छात्रों को सयाजी आर गायकवाड़ फैलोशिप प्रदान की गई है, जिससे वित्तीय बाधाओं को दूर करने में मदद मिली है।
परामर्श प्रणाली
‘स्टूडेंट वेलबीइंग इनिशिएटिव’ के तहत एक मजबूत परामर्श प्रणाली स्थापित की गई है। 20 काउंसलर्स की नियुक्ति की गई है, साथ ही पांच अनुभवी पेशेवर परामर्शदाता भी उपलब्ध हैं। पहले 300 नई छात्रवृत्तियां शुरू की जा चुकी हैं, जिनमें प्रत्येक छात्र को 25,000 रुपये दिए गए हैं।
