स्कूल में छात्र से मारपीट, आंख की रोशनी गई; परिजनों ने स्कूल पर लगाए गंभीर आरोप (School Crime News)
कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में कक्षा पांच के छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि खेल के दौरान दो सहपाठियों ने छात्र को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस हमले में बच्चे की आंख में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद बच्चा दर्द से तड़पता रहा, लेकिन स्कूल स्टाफ ने समय रहते कोई ध्यान नहीं दिया।
परिजनों को सूचना मिलने के बाद बच्चे को कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि चोट इतनी गंभीर थी कि बच्चे की आंख की रोशनी जा चुकी थी। इस घटना के बाद पीड़ित बच्चे की मां नीलम मिश्रा ने कैंट थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना स्कूल परिसर में हुई, इसके बावजूद स्टाफ ने न तो तत्काल हस्तक्षेप किया और न ही कोई सख्त कदम उठाया। परिजनों का आरोप है कि स्कूल की लापरवाही के कारण ही बच्चे को इतनी गंभीर चोट लगी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंट थाना थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेल के दौरान बच्चों के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। पुलिस अब स्कूल स्टाफ और अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है।
