अलीगढ़ में स्कूली वाहनों पर सख्ती: 15 चालान, 8 सीज, ‘Mission Safe Future’ अभियान जारी
अलीगढ़ में ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संभागीय परिवहन विभाग ने शुक्रवार को विभिन्न स्कूलों के अनधिकृत वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 15 स्कूली वाहनों के चालान काटे और 8 को सीज कर दिया। यह अभियान 15 जुलाई तक जारी रहेगा।
परिवहन विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान पाया कि कई वाहनों में फिटनेस और परमिट की कमी थी। इस दौरान कुल 32 वाहनों के चालान काटे गए, जिनमें 15 स्कूली वाहन शामिल थे। अलबरकात स्कूल, आयशा तरीन स्कूल, अलीगढ़ इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, अलीगढ़ इस्लामिक स्कूल, गगन पब्लिक स्कूल आदि के वाहन भी जांच के दायरे में आए।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को ओवर स्पीडिंग से बचने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने और सभी वैध प्रपत्र साथ रखने की हिदायत दी। स्कूली वाहनों के संबंध में विशेष रूप से फिटनेस जांच कराने और किसी भी कमी को तुरंत ठीक कराने पर जोर दिया गया, क्योंकि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्रवाई से अभिभावकों में सुरक्षा को लेकर थोड़ी राहत मिली है।
