Sonipat news: घनी धुंध में ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौत
सोनीपत जिले के गन्नौर में शनिवार सुबह घनी धुंध के कारण एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय राधेश्याम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव अगवानपुर का रहने वाला था और वर्तमान में गन्नौर की बसंत विहार कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहा था। राधेश्याम दिल्ली स्थित आर्मी वर्कशॉप कैंट में कार्यरत था।
परिजनों के अनुसार, राधेश्याम शनिवार सुबह करीब सात बजे ड्यूटी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। हालांकि, वह अपना पर्स और मोबाइल घर पर ही छोड़ गया था। कुछ देर बाद अगवानपुर फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
जीआरपी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि राधेश्याम ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। घनी धुंध के कारण दृश्यता कम थी, जिसके चलते वह ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। राधेश्याम के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
