सोनभद्र: पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार
सोनभद्र में पुलिस और पशु तस्करों के बीच रविवार की भोर में मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए करमा थाना क्षेत्र के खुटहनिया गांव निवासी जियाउल उर्फ जियाउद्दीन और घोरावल थाना क्षेत्र के सतौहा गांव निवासी रिशु यादव उर्फ विकास यादव के पास से पिकअप में लदा सात गोवंश और एक देशी तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर ने बताया कि रविवार की भोर में करीब तीन बजे मांची और रायपुर थाना की पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान खलियारी–दरमा मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवार तेज गति से भागने लगे। कच्चे रास्ते में वाहन फंस जाने पर दो लोग जंगल की ओर भागे।
खुद को घिरा देख एक आरोपित ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया। गोली प्रभारी निरीक्षक के सिर के ऊपर से निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की तो जियाउल उर्फ जियाउद्दीन के पैर में गोली लगी। इससे वह वहीं लड़खड़ा कर गिर गया। उसे गिरफ्तार कर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी में भर्ती कराया गया। दूसरा बदमाश रिशु यादव उर्फ विकास यादव मौके पर ही आत्मसमर्पण कर गिरफ्तार हुआ।
पूछूटने के बाद जियाउल ने बताया कि साथी रिशु यादव के उकसाने पर उसने फायर किया था। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पिकअप से सात गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ये गोवंश उन्हें प्रमोद, शिवमंगल यादव तथा दो सगे भाई विनोद व गोरख खटिक ने दिए थे। वे इन्हें बिहार ले जा रहे थे, जहां से पशु वध के लिए बंगाल भेजे जाते हैं।
