Smart Girl Workshop का समापन, बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
भारतीय जैन संघटना द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप’ का समापन संत निलय, श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर परिसर में हुआ। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना था। यह पहल बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित थी ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकें।
वर्कशॉप के दौरान हेमंत जैन और पलक जैन ने बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। इनमें आत्मविश्वास बढ़ाना, प्रभावी संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता का विकास, व्यक्तिगत सुरक्षा के उपाय, मानसिक मजबूती और जीवन में सही निर्णय लेने की कला शामिल थी। इंटरएक्टिव सेशंस और समूह चर्चाओं के माध्यम से बालिकाओं को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया, जिससे उनमें नई सोच विकसित हुई।
कार्यशाला के दौरान एक विशेष अभिभावक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें माता-पिता को बच्चों के भावनात्मक सहयोग के महत्व और सकारात्मक संवाद की भूमिका से अवगत कराया गया। आयोजकों ने इस पहल को भविष्य की सशक्त नारी के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम बताया। समापन पर सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
