1 घंटा 26 मिनट स्केटिंग का रिकॉर्ड, 19 खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, Asia Book of Records में नाम
अलीगढ़ के धरमपुर कोर्टयार्ड में 19 युवा खिलाड़ियों ने स्केटिंग में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अलीगढ़ स्केटिंग क्लासेज और धर्म समाज बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के इन खिलाड़ियों ने लगातार एक घंटा 26 मिनट तक स्केटिंग करके एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड यूएसए में अपनी जगह बनाई है। इस उपलब्धि ने न केवल शहर का बल्कि पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है।
इस रिकॉर्ड्स इवेंट का शुभारंभ उत्तर प्रदेश स्केटिंग खो-खो संघ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक विवेक बंसल ने हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि खेल में आनंद और कौशल निखारना सबसे महत्वपूर्ण है। जिला ओलंपिक संघ के महासचिव मजहर उल कमर ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि रिकॉर्ड्स इवेंट में कुल 19 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। सभी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया है। रिकॉर्ड्स एजेंसी से प्रमाण पत्र मिलने के बाद एक विशेष वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह रिकॉर्ड्स इवेंट महाराष्ट्र से संचालित हुआ था, जिसमें 26 जनवरी को देशभर की 26 अकादमियों के 520 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
