रक्षाबंधन पर लखनऊ में चांदी की राखियों की धूम, डायमंड लुक राखियां बनी पहली पसंद
लखनऊ के ऐतिहासिक चौक सर्राफा बाजार में रक्षाबंधन के पर्व को लेकर चांदी की आकर्षक और प्रीमियम राखियों की जबरदस्त धूम मची हुई है। इस बार सर्राफा बाजार में पारंपरिक डिजाइनों के साथ-साथ आधुनिक और फैंसी राखियों का विशाल संग्रह उतारा गया है, जिसे लेकर ग्राहकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
बाजार में 92.5 स्टर्लिंग सिल्वर, ऑक्सीडाइज्ड सिल्वर, एंटीक फिनिश, कुंदन, डायमंड लुक और धार्मिक डिजाइनों की राखियों की विशेष मांग है। धार्मिक प्रतीकों में श्रीकृष्ण, रुद्राक्ष, त्रिशूल, ॐ, जय श्री राम, मेरे भैया, वीरा, नजर बट्टू और इविल आई जैसी राखियां लोगों को खूब भा रही हैं। वहीं बच्चों के लिए छोटा भीम और स्पाइडर-मैन जैसे कार्टून व सुपरहीरो थीम पर आधारित चांदी की राखियां उपलब्ध कराई गई हैं।
लखनऊ में पहली बार 92.5 स्टर्लिंग सिल्वर में गोल्ड फॉइल (सोने के वर्क) के काम वाली राखियां पेश की गई हैं। हर वर्ग के बजट का ध्यान रखते हुए बाजार में 100 से 03 हजार रुपये तक की चांदी की राखियां और 05 हजार से 1.50 लाख रुपये तक की सोने की राखियां उपलब्ध हैं। रोली-चावल के साथ विशेष गिफ्ट पैक राखियों का संग्रह भी तैयार किया गया है। चौक के अलावा आलमबाग, निशातगंज, अमीनाबाद, डालीगंज, आशियाना और राजाजीपुरम के सर्राफा बाजारों में भी राखियों का विस्तृत संग्रह उपलब्ध है। इस त्योहारी सीजन में चांदी की राखियों की बढ़ती मांग स्थानीय व्यापारियों के लिए एक अच्छा संकेत है।
