सोरों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम, ‘नंद के आनंद भयो जय हो नंद लाल की’
सोरों क्षेत्र के लहरा में चल रहे श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन भगवान कृष्ण के जन्म की कथा का रसपान कराया गया। भगवान कृष्ण के जन्म की झांकी भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान पूरा कथा पांडाल भगवान कृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। लोगों ने भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर पुण्य कमाया। भागवत कथा के चतुर्थ दिवस रविवार को कथा वाचक पंडित निदान महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा का रसपान कराया। उन्होंने भगवान कृष्ण के कारागार में जन्म लेने से लेकर नंद गांव तक के पहुंचने का वृतांत बडे ही मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किए।
नन्हें बालक को भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप में तैयार कर झांकी प्रस्तुत की गई। भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप का पूरे कथा पांडाल में भ्रमण कराया गया। लोगों ने तमाम उपहार देकर बाल स्वरूप के दर्शन किए। भगवान कृष्ण की झांकी प्रस्तुत करते ही पूरा कथा पांडाल भगवान कृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कथा के विश्राम के समय प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान राजेंद्र शर्मा, ऋषभ, सर्वेश, बबलू, डा. लक्ष्मीनारायण, अशोक ठाकुर समेत अन्य मौजूद रहे।
