0

पूर्णिया में चौंकाने वाला मामला! दूसरे की जमीन पर जबरन दुकान खोली, फिर लगवा दिया बिजली मीटर, पीड़ित ने उठाई आवाज

By Dec 8, 2025

पूर्णिया जिले के बनमनखी प्रखंड के धीमा ग्राम में एक नया और गंभीर जमीनी विवाद सामने आया है, जिसने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय निवासी रंपू शर्मा ने विद्युत आपूर्ति पदाधिकारी, बनमनखी को एक लिखित शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने अपनी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जे और अवैध बिजली मीटर लगाए जाने का आरोप लगाया है।

रंपू शर्मा ने अपने आवेदन में बताया है कि खाता संख्या 725 और खेसरा संख्या 2198/2199, कुल रकबा 6 डिसमिल जमीन उनके दिवंगत पिता बिन्देश्वरी ततमा और चाचा योगेन्द्र शर्मा के नाम वासगीत पर्चे में दर्ज है। इस जमीन पर उनका वैध कब्जा और मालिकाना हक है। इसके बावजूद, वार्ड 18 के ही रोहित शर्मा, पिता ढालेश्वर शर्मा और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने इस जमीन पर जबरन एक दुकान का निर्माण कर लिया है।

आवेदक का गंभीर आरोप है कि यह अवैध दुकान खोलने के बाद, उनकी बिना अनुमति के, इसमें बिजली का मीटर भी लगवा लिया गया है, जो पूरी तरह से गैर-कानूनी है। रंपू शर्मा ने विद्युत पदाधिकारी से इस पूरे मामले की गहन जांच करने और विवादित स्थल पर लगाए गए अवैध बिजली मीटर तथा अन्य विद्युत उपकरणों को तत्काल हटाने की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से भविष्य में किसी बड़े विवाद या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसे रोकना अत्यंत आवश्यक है। यह मामला अब स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें