0

शिवानी हत्याकांड: दो आरोपी कोर्ट में पेश, बहन के बेटे की साजिश का खुलासा

By Dec 18, 2025

बिहार के अररिया में बहुचर्चित शिवानी हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई का असर दिखने लगा है। हत्याकांड में संलिप्त शेष दो अभियुक्तों, राजा और छोटू उर्फ नैयर आलम, ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, अररिया के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस द्वारा लगातार दबिश और छापामारी के चलते इन अभियुक्तों ने यह कदम उठाया।

इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य शूटर मो. मारूफ, मो. सोहैल और घटना की मुख्य साजिशकर्ता हुसनन उर्फ हुस्न आरा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हुसनन उर्फ हुस्न आरा ने ही अवैध संबंध के संदेह में अपने बहन के पुत्र राजा और छोटू उर्फ नैयर आलम के साथ मिलकर तीन लाख रुपये की सुपारी देकर शिक्षिका शिवानी वर्मा की हत्या की साजिश रची थी।

ज्ञात हो कि तीन दिसंबर को कन्हैली मध्य विद्यालय की शिक्षिका शिवानी वर्मा (25) को विद्यालय जाते समय गोली मार दी गई थी। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद एसडीपीओ, फारबिसगंज के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया था। इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल था, क्योंकि यह एक शिक्षिका पर दिनदहाड़े किया गया हमला था।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें