शिवहर में किशोर की गला रेतकर हत्या, पुरानी रंजिश बनी वजह
शिवहर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ एक 13 वर्षीय किशोर अंकुश कुमार की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के पिता रामनारायण साह ने इस संबंध में पिपराही थाने में गांव के ही ओम प्रकाश सहनी, उनकी पत्नी प्रतिमा देवी और बेटी मुस्कान कुमारी के खिलाफ़ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर अंकुश को उसके घर से बुलाया और फिर धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बागमती नदी के डुब्बाघाट पुल से कुछ दूरी पर बांसवाड़ी में फेंक दिया गया था। बुधवार शाम को जब बांसवाड़ी में शव मिला तो इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा के निर्देश पर एसडीपीओ सुशील कुमार और थानाध्यक्ष उमाकांत सिंह के नेतृत्व में पिपराही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के मोहारी वार्ड 12 निवासी रामनारायण साह के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई।
घटनास्थल पर एफएसएल की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जहाँ गुरुवार को पोस्टमार्टम होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को मुख्य वजह बताया जा रहा है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
