0

शिवहर में जनवितरण प्रणाली का सड़ा-गला अनाज, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

By Nov 23, 2025

शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड अंतर्गत कमरौली गांव में जनवितरण प्रणाली के तहत गरीबों के लिए भेजे गए अनाज की गुणवत्ता पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। रविवार को जब पैक्स गोदाम पर एसएफसी से चावल-गेहूं लदा ट्रैक्टर पहुंचा, तो बोरे खोलते ही सड़ा-गला और कीड़े लगा अनाज देखकर लोग आक्रोशित हो गए।

ग्रामीणों ने घटिया गुणवत्ता का अनाज लेने से साफ इनकार कर दिया। अनाज के बोरों से कीड़े निकलते देख उपभोक्ताओं का पारा चढ़ गया। उन्होंने अनाज उतार रहे चालक और अन्य कर्मियों को रोक दिया और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद निर्मला देवी, रितु देवी, विशेश्वर दास, रामचंद्र साह, सुभाष कुमार, सिकंदर पटेल, मरु साह, विक्की कुमार, अनिता देवी, मनीषा कुमारी, मुन्नी देवी, राघो राय और वीणा देवी सहित कई ग्रामीणों ने घटिया अनाज आपूर्ति पर कड़ी नाराजगी जताई।

ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पैक्स अध्यक्ष रवि वर्मा ने कई बोरों की जांच की। जांच में अनाज की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। पैक्स अध्यक्ष ने तत्काल अनाज से लदे ट्रैक्टर को वापस एसएफसी गोदाम भेज दिया। उन्होंने बताया कि पंचायत के 350 लाभार्थियों के लिए 1057 किलो गेहूं तथा 5688 किलोग्राम चावल की कुल 134 बोरियां भेजी गई थीं। यह पहली बार है जब इस तरह का अत्यंत निम्न गुणवत्ता वाला अनाज आपूर्ति किया गया है।

पैक्स अध्यक्ष ने स्वीकार किया कि अनाज सड़ा-गला था और उसमें कीड़े भी लगे थे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के विरोध के बाद अनाज को वापस भेजा गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की जाएगी और इसकी गहन जांच कराने की मांग की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आपूर्ति की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें