शातिर ठगों ने सास-बहू को ठगा, सोने के बिस्किट का झांसा देकर जेवर ले उड़े
थाना एत्मादपुर क्षेत्र के बरहन तिराहे पर उस समय सनसनी फैल गई जब दो शातिर ठगों ने एक सास और बहू को अपना निशाना बनाया। कानपुर हाईवे पर ऑटो का इंतजार कर रही महिलाओं को ठगों ने सोने के बिस्किट का लालच देकर उनके कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
घटना एक दिसंबर की बताई जा रही है। बरहन क्षेत्र के गांव टेहू निवासी प्रथम कुमार ने स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उनकी मां सूरजमुखी, भाभी सपना और छोटे भाई अर्जुन बरहन जाने के लिए एत्मादपुर हाइवे पर तिराहे पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को ऑटो में बिठा लिया और उन्हें हॉस्पिटल रोड की ओर ले गए।
ठगों ने महिलाओं को बातों में फंसाया और एक पोटली दिखाते हुए कहा कि इसमें सोने के बिस्किट हैं। उन्होंने महिलाओं से कहा कि यदि वे सोने के बिस्किट लेना चाहती हैं, तो उन्हें अपने आभूषण देने होंगे। लालच में आकर दोनों महिलाओं ने अपने सोने के जेवर उन ठगों को दे दिए। कुछ दूर ले जाकर ठगों ने उन्हें पोटली थमा दी और वहां से फरार हो गए।
जब महिलाओं ने पोटली खोली तो उनके होश उड़ गए। पोटली में सोने के बिस्किट की जगह ईंट-पत्थर के टुकड़े भरे हुए थे। ठगी का एहसास होने पर वे सकते में आ गईं। घर पहुंचकर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है ताकि इन शातिर ठगों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
