शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं, तेज रफ्तार कार ने रौंदा, कई की मौत
पश्चिम चंपारण में एक शादी समारोह में खुशियों का माहौल अचानक मातम में तब्दील हो गया, जब एक भीषण सड़क दुर्घटना ने कई जिंदगियों को छीन लिया। यह हादसा इतना भयावह था कि इसकी गूंज नेपाल तक सुनाई दी। नरकटियागंज से विशुनपुरवा जा रही बारात में जयमाला की रस्म की तैयारी चल ही रही थी कि कुछ ही दूरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसे की खबर ने सभी को झकझोर दिया।
सूत्रों के अनुसार, तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बारातियों के झुंड में घुस गई। इस हादसे में दूल्हे के मामा और नेपाल के रहने वाले फूफा सहित कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना जैसे ही नरकटियागंज के लालीगढ़ी स्थित दूल्हे सोनू कुमार के घर पहुंची, वहां मातम पसर गया। घर की महिलाएं दहाड़ मारकर रोने लगीं।
मृतकों की पहचान नेपाल के कलेया थाना क्षेत्र के भवली चौक एकवनिया निवासी हरिशंकर कुशवाहा (40) और शिकारपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ीकुईया निवासी राजेश प्रसाद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बारात लौटने की तैयारी में करीब दो दर्जन से अधिक लोग वाहनों के पास जमा थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर भीड़ में समा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लोग उछलकर दूर जा गिरे। कुछ लोगों ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले कार चालक और एक बराती के बीच कहासुनी और हाथापाई भी हुई थी।
दूल्हे के घर सोमवार को रिसेप्शन का कार्यक्रम तय था, जिसके लिए पंडाल और सजावट पूरी कर ली गई थी। लेकिन इस दुखद घटना के बाद पूरे माहौल पर मातम छा गया और रिसेप्शन स्थगित कर दिया गया। दूल्हे सोनू कुमार ने बताया कि शादी तो किसी तरह संपन्न हो गई, लेकिन भारी मन से वे रात एक बजे घर लौटे। एक साल से इस खुशी की तैयारी चल रही थी, जो अचानक दुख में बदल गई।
हादसे का शिकार हुए शिकारपुर के टेढ़ीकुईया गांव निवासी राजेश महतो परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता लकवा से ग्रस्त हैं और उनके चार मासूम बच्चे हैं। पोस्टमार्टम के बाद जब उनका शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी, मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। इस घटना ने कई परिवारों को तोड़ दिया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
