0

शादी के अगले दिन भाई की मौत: स्टेशन से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

By Nov 24, 2025

फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक हरबंस सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया, क्योंकि युवक के भाई की शादी एक दिन पहले ही हुई थी और घर में उत्सव का माहौल था।

सूत्रों के अनुसार, हरबंस सिंह अपने घर आए रिश्तेदारों को सोमवार की सुबह रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। जब वह स्टेशन से वापस लौट रहा था, तभी फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर उसकी बाइक की टक्कर एक छोटे हाथी वाहन से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटे हाथी वाहन का पीछे का लोहे का डाला भी टूट गया। इस भीषण हादसे में हरबंस सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही परिजनों ने आनन-फानन में उसे फाजिल्का के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के कारण उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा के बेटे जसवंत सिंह ने बताया कि रविवार को ही हरबंस के भाई की बारात आई थी और घर में सब खुशी मना रहे थे। देर रात और सुबह तक रिश्तेदार घर लौट रहे थे। हरबंस को इसी दौरान रिश्तेदारों को छोड़ने जाना पड़ा और वापसी में यह अनहोनी हो गई।

हादसा कैसे हुआ, इस बारे में अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और इसमें किसकी गलती है, इसका पता चल पाएगा और उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के कारण घर में छाया मातम का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें