0

हरियाणा में कड़ाके की ठंड का कहर, नारनौल में पारा 5.6 डिग्री; शीतलहर से ठिठुरे लोग

By Dec 9, 2025

हरियाणा में कड़ाके की सूखी ठंड ने अपनी तीव्रता बढ़ा दी है। बीती रात प्रदेशभर में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हुआ। भारतीय मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, नारनौल सबसे ठंडा स्थान बना, जहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली सर्द हवाओं ने मैदानी इलाकों के तापमान को सामान्य से लगभग दो डिग्री नीचे ला दिया है।

नारनौल में पिछले दो दिनों से सुबह और रात में ठिठुरन काफी बढ़ी है। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज हुआ और शुष्क हवाओं ने सुबह का माहौल और भी ठंडा कर दिया। जिले के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर अलग-अलग रहा। महेंद्रगढ़ एडब्ल्यूएस पर न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री रहा।

प्रदेश के कई शहरों जिसमें करनाल, अंबाला, हिसार, सिरसा और रोहतक में तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज हुआ, जिससे साफ है कि हरियाणा इस समय सर्द हवाओं की चपेट में है। वर्षा न होने से सूखी ठंड और अधिक असर दिखा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पर्वतीय इलाकों में ताजा हिमपात, सक्रिय उत्तरी हवाएं और मैदानी क्षेत्रों में साफ आसमान रात के तापमान में गिरावट बढ़ा रहे हैं।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक आने वाले दिनों में भी हरियाणा, एनसीआर और नारनारनौल में शीतलहर, सूखी ठंड और पाला पड़ने की स्थितियां बनी रहेंगी। दिसंबर के पहले पखवाड़े में सुबह और रात के तापमान में और गिरावट संभावित है, जबकि दिन का तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें